No Result
View All Result
कोलकाता (ओडिशा ताजा न्यूज़ ) सितंबर :- 12021/12022 हावड़ा–बड़बिल जन शताब्दी एक्सप्रेस अब कोचों के आंतरिक साज-सज्जा, यात्री सुविधाओं एवं रखरखाव में व्यापक सुधार के साथ संचालित हो रही है। दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा इस ट्रेन के रेक का व्यापक उन्नयन किया गया है। यह ट्रेन हावड़ा को झारखंड तथा उत्तरी ओडिशा के औद्योगिक एवं खनिज-समृद्ध क्षेत्रों से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण दैनिक सेवा है। यात्रियों की सुविधा एवं रेक के रखरखाव के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह उन्नयन विशेष रूप से किया गया है ।

उन्नयन के तहत सीटों की गद्दियों एवं कवर का नवीनीकरण, खराब आर्मरेस्ट एवं रिक्लाइनर का प्रतिस्थापन तथा सेंटर टेबल, स्नैक ट्रे, छत एवं लगेज रैक की मरम्मत एवं नवीनीकरण किया गया है । क्षतिग्रस्त खिड़की फिटिंग एवं रोलर ब्लाइंड्स को भी बदला गया है। गैर-वातानुकूलित कोचों में नए पंखे, एलईडी लाइट एवं चार्जिंग सॉकेट लगाए गए हैं, जबकि वातानुकूलित कोचों में चार्जिंग सुविधा सहित बेहतर रीडिंग लाइट एवं अन्य आंतरिक सुविधाओं में सुधार किया गया है ।

शौचालय क्षेत्रों में भी नए फर्श, बेहतर जल फिटिंग, नवीनीकृत आंतरिक साज-सज्जा एवं हाइजीन मैट की व्यवस्था की गई है । कोचों के बाहरी हिस्से में पीयू पेंटिंग, जंग प्रभावित क्षेत्रों का उपचार, दरवाजों एवं खिड़कियों का सुधार तथा कोच एवं गंतव्य संकेतक बोर्डों को बेहतर बनाया गया है । इस उन्नयन का उद्देश्य इस दैनिक एवं व्यापक रूप से उपयोग की जाने वाली ट्रेन सेवा को अधिक स्वच्छ एवं आरामदायक बनाना तथा यात्रियों के यात्रा अनुभव में सुधार करना है ।

No Result
View All Result