पूरी (ओडिशा ताजा न्यूज ) पूरी :-केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा संस्कृत शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में शुरू की गई Computer Talent Hunt 2025’ (संगणकीय प्रतिभा खोज–2025) अब राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्त्वपूर्ण नवाचार मानी जा रही है। इस पहल के माध्यम से संस्कृत विद्यार्थी कोडिंग, वेबसाइट निर्माण और डिजिटल तकनीक में दक्षता अर्जित कर रहे हैं ।
देशभर के सभी परिसरों और आदर्श महाविद्यालयों में प्रतियोगिता का दूसरा चरण सम्पन्न हुआ, जो पूर्णतः प्रायोगिक था। मुख्यालय द्वारा Python और PHP के 20 प्रश्न भेजे गए थे, जिनमें से किसी एक का कोड प्रतिभागियों को डेढ़ घंटे में तैयार करना था। यह परीक्षा संस्कृत छात्रों की वास्तविक तकनीकी क्षमता का परीक्षण मानी जा रही है ।
शीर्ष 10 को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. मदन मोहन झा ने बताया कि प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष 10 प्रतिभागियों का चयन होगा, जिन्हें आगे विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा । इसके बाद अखिल भारतीय स्तर पर अंतिम विजेताओं की घोषणा की जाएगी ।
संस्कृत छात्रों को डिजिटल नेतृत्व की ओर ले जाने वाली पहल कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने कहा कि यह योजना संस्कृत शिक्षा के डिजिटल रूपांतरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीकी कौशल में भी अग्रणी बनाना है, ताकि वे भविष्य के तकनीकी नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें ।