खोरधा-जटनी १५ अक्टूबर २०२४ :-> खोरधारोड मंडल ने १अक्टूबर से १५ अक्टूबर २०२४ तक “स्वच्छता पखवाड़ा” मनाया, जिसमें रेलवे स्टेशन परिसरों, ट्रेनों, कार्यालयों, कैंटीनों, फूड स्टॉलों और रेलवे आवासीय कॉलोनियों आदि में सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। देश को साफ-सुथरा रखकर भारत की सेवा करने और महात्मा गांधी जी के स्वच्छ और विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए आम जनता में जागरूकता पैदा की गई है। स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ की गई। मंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति स्वयं को प्रतिबद्ध करने और आम जनता को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने के लिए स्वच्छता शपथ ली । इस १५ दिवसीय अभियान के दौरान, विभिन्न गहन स्वच्छता गतिविधियाँ शुरू की गईं ।
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनभागीदारी का संदेश देते हुए स्वच्छता अभियान में भाग लिया, जो जन कल्याण और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है । “स्वच्छ स्टेशन” के अंतर्गत सभी प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, डॉरमेट्री, रिटायरिंग रूम, पार्सल ऑफिस, ट्रैक आदि की सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया ।“स्वच्छ रेलगाड़ी” के अंतर्गत ट्रेनों में कोच, शौचालय, वॉशबेसिन की सफाई का निरीक्षण किया गया। यात्रियों को स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए पेंट्री कार स्टाफ और ऑनबोर्ड हाउस कीपिंग स्टाफ (ओबीएचएस) स्टाफ को परामर्श दिया गया। ट्रेनों में प्रदान की जाने वाली ऑनबोर्ड हाउस कीपिंग सेवा के बारे में यात्रियों से फीडबैक लिया गया।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान नुक्कड़ नाटक, जिंगल्स, स्टेशनों पर बैनर प्रदर्शन, जूट बैग वितरण आदि के माध्यम से यात्रियों और आम जनता के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा की जा रही है।खोरधा रोड के मंडल रेल प्रबंधक श्री एच.एस.बाजवा ने कहा कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे । उन्होंने सभी रेल उप योगकर्ताओं से अनुरोध किया कि वे रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे की मदद करें ।