खोरधारोड मंडल ने डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए टिकट बुकिंग काउंटरों पर क्यूआर कोड डिस्प्ले डिवाइस स्थापित किए

खोरधा/जटनी ८अगस्त २०२४  :->  भारत में डिजिटल भुगतान में बड़ा बदलाव हो रहा है । डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खोरधा रोड मंडल ने अपने सभी रेलवे स्टेशनों पर टिकट बुकिंग काउंटरों पर क्यूआर कोड डिस्प्ले डिवाइस लगाने की पहल की है । इस पहल से यात्रियों को नकदी के लेन-देन से बचने में मदद मिलेगी और टिकट खरीदने के लिए छुट्टे पैसे की उपलब्धता संबंधी समस्या भी हल हो जाएगी ।

मंडल के ११३ रेलवे स्टेशनों पर यानी सभी श्रेणियों के रेलवे स्टेशनों पर क्यूआर कोड डिस्प्ले डिवाइस लगाने का काम शुरू हो चुका है । मंडल के ७५ रेलवे स्टेशनों यथा- भुवनेश्वर, पुरी, खोरधारोड, ब्रह्मपुर, कटक,भद्रक, पलासा, जाजपुर केंदुझर-रोड, बालूगांव, सोमपेटा, इच्छापुरम, ढेंकानाल, तालचेर, पारादीप, दसपल्ला आदि पर डिस्प्ले डिवाइस लगाया जा चुका है । इसके अलावा,आने वाले सप्ताह में,यह क्यूआर-कोड भुगतान सुविधा मंडल के शेषसभी रेलवे स्टेशनों पर भी लागू कर दी जाएगी ।

अनारक्षित और आरक्षित टिकट जारी करने वाले बुकिंग काउंटरों पर ये क्यूआर डिस्प्ले डिवाइस उपलब्ध हैं। और यात्री अपने स्मार्ट फोन से क्यूआर कोड को स्कैन कर खरीदे गए टिकट के सही मूल्य के लिए यूपीआई भुगतान कर सकते हैं । इसका उद्देश्य सभी यात्रियों के लिए टिकटिंग प्रक्रिया को अधिक कुशल और सुविधाजनक बनाना है । खोरधा रोड मंडल,रेल उपयोगकर्ताओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए हर आधुनिक तकनीक को अपना रहा है ।

Exit mobile version