
२३ फेबरुआरी (ओडिसा ताजा नियुज) खोरधा – जटनी :-> अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत खोरधा रोड मंडल के ६ और रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा।खोरधा रोड मंडल में १६ आरओबी/अंडरपास की आधारशिला रखी जाएगी और ३ आरओबी/अंडरपास परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। भारत के माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी २६फरवरी २०२४ को ४१,००० करोड़ रुपये लागत की रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे देश भर में “अमृत भारत स्टेशनों” के रूप में ५५४ रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखेंगे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से १५०० रोड ओवर ब्रिज/अंडरपास जनता को समर्पित/शिलान्यास करेंगे। उक्त कार्यक्रम के दौरान खोरधा रोड मंडल के १३११.३२ करोड़ रुपये की लागत वाले २५ रेल परियोजनाएं का उद्घाटन किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, खोरधा रोड के कॉन्फ्रेंस हॉल में मीडिया को जानकारी देते हुए,मंडल रेल प्रबंधक, खोरधा रोड, श्री एच एस बाजवा ने मंडल की २५ रेल परियोजनाओं के बारे में विस्तार से बताया, जिनका उद्घाटन २६ फरवरी को माननीय प्रधान मंत्री द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा । वे हैं- ६ और रेलवे स्टेशनों के विकास का शिलान्यास १६ समपार फाटकों पर रोड ओवर ब्रिज/अंडरपास के निर्माण के लिए आधारशिला ३समपार फाटकों पर निर्मित आरओबी/अंडरपास का जनता को समर्पण। ६ रेलवे स्टेशन हैं भद्रक, तालचेर, पारादीप, रघुनाथपुर, केंदुझरगढ़ और इच्छापुरम। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों को स्टेशन पहुंच में सुधार, सर्कुलेटिंग एरिया,वेटिंग हॉल, शौचालय, आवश्यकतानुसार लिफ्ट/एस्केलेटर, मुफ्त वाई-फाई, ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ स्टॉल,बेहतर यात्री सूचना प्रणाली, एक्जीक्युटिव लाउंज, व्यावसायिक बैठकों के लिए नामांकित स्थान, लैंडस्केपिंग आदि जैसी सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा ।अमृत भारत स्टेशन योजना के लिए खोरधा रोड मंडल के २३ रेलवे स्टेशनों की पहचान की गई थी, जिनमें से पहले चरण के दौरान १४ रेलवे स्टेशनों पर काम पहले से ही तेजी से चल रहा है। ये स्टेशन हैं- भुवनेश्वर,पुरी, कटक, साक्षीगोपाल, मंचेश्वर, ढेंकानाल, छत्रपुर, अनगुल, पलासा, मेरामंडली, बालूगांव, लिंगराज टेम्पल रोड, तालचेर रोड और खोरधा रोड । विभिन्न स्थानों पर लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करते हुए खोरधा रोड-काईपदर, कटक-बारंग, रंभा-हुम्मा, रानीताल-भद्रक, जाजपुर-जखपुरा आदि जैसे विभिन्न सेक्शनों के १६ समपार फाटकों पर रोड ओवर ब्रिज और अंडरपास के निर्माण के लिए आधारशिला भी रखी जाएगी। इसके अलावा ३समपार फाटकों पर निर्मित अंडरपास/आरओबी जनता को समर्पित किए जाएंगे। समपार फाटकों पर आरओबी और अंडरपास के निर्माण से यातायात के अवरोध से बचा जा सकेगा और सड़क वाहनों और ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी। कॉन्फ्रेंस हॉल में मीडिया ब्रीफ के दौरान श्री कल्याण पटनायक, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री शुभ्र ज्योति मंडल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) तथा श्री अमितेश आनंद वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उपस्थित थे।

